भाजपा ने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के चुनावी शिकस्त का हवाला देते हुये मोदी सरकार के प्रदर्शन पर कांग्रेस अध्यक्ष के रिपोर्ट कार्ड को लेकर उनकी खिल्ली उड़ायी। भाजपा ने राहुल को एक ‘असफल राजवंश’ भी करार दिया। भाजपा ने एक ट्वीट में कहा है, ”प्रिय राहुल गांधी, हम नहीं जानते हैं कि आप जैसा असफल राजवंश, काम करने वाली सरकार को नंबर देकर कितनी बार उपहास का पात्र बनेगा। यहां उन सभी महिमाओं का संकलन है जो आप अपनी पार्टी को दिया है।”
इस ट्वीट के साथ एक रिकॉर्डिंग भी लगाई गई है। इस रिकॉर्डिंग में 2013 में उनके पार्टी के उपाध्यक्ष बनने और पिछले साल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस को चुनावों में मिली हार के बारे में बताया गया है। सत्तारूढ़ भाजपा ने कहा है कि उसके बाद से कांग्रेस को 24 चुनावों में हार मिली है।
केन्द्र सरकार के चार साल पूरा होने के अवसर पर कल राहुल गांधी ने एक ‘रिपोर्ट कार्ड’ पेश किया था और केंद्र के प्रदर्शन का मजाक उड़ाया था। राहुल ने भाजपा को कृषि, विदेश नीति , ईंधन की कीमतों और नौकरी देने में फेल करार दिया था जबकि नारे गढ़ने एवं खुद का प्रचार करने में सर्वश्रेष्ठ बताया था।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



