कांग्रेस ने लद्दाख में चीनी सैनिकों के भारतीय सीमा में घुसने की खबर को लेकर शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने का आरोप लगाया और कहा कि इस मुद्दे को चीन के साथ सभी स्तरों पर उठाया जाना चाहिए।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ”लद्दाख के डेमचोक में चीनी घुसपैठ गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है। डोकलाम की असफलता का बोझ लिए हुए मोदी सरकार अब इस घुसपैठ का मुद्दा चीन के साथ सभी स्तरों पर उठाए।” उन्होंने आरोप लगाया, “भाजपा का लचर रवैया राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौते के लिए जिम्मेदार है।”

उल्लेखनीय है कि दलाई लामा के जन्मदिन के मौके पर कुछ तिब्बतियों के अपना झंडा फहराने के बाद चीनी सैनिक पिछले सप्ताह जम्मू कश्मीर के लद्दाख संभाग के डेमचोक सेक्टर में भारतीय भूभाग में पांच किलोमीटर अंदर तक आ गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के जवान एसयूवी पर सवार होकर छह जुलाई को भारतीय भूभाग के काफी अंदर तक आ गए थे और तिब्बती शरणार्थियों द्वारा झंडा फहराए जाने का विरोध किया। तिब्बती शरणार्थी दलाई लामा का 84 वां जन्मदिन मना रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



