ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने यात्रियों की बढ़ती जरुरतों को पूरा करने के लिए केंद्र से भुवनेश्वर और दुबई के बीच सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने के वास्ते कदम उठाने के लिए शनिवार को अनुरोध किया।
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी को लिखे एक पत्र में पटनायक ने कहा कि औद्योगिक निवेश और पर्यटकों की संख्या बढ़ने के कारण राज्य में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय स्थानों तक जाने की मांग बढ़ी है। उन्होंने कहा, ‘‘कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई तक अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने में रूचि दिखाई है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य से अन्य अंतररराष्ट्रीय स्थानों जैसे कि दुबई और पश्चिम एशिया के अन्य देशों तक सीधी उड़ानें ना होने के कारण यात्रियों को इन स्थानों तक जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पटनायक ने कहा कि अगर भुवनेश्वर और दुबई के बीच वायु संपर्क कायम किया जाता है तो इस मुद्दे का हल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि एयर इंडिया की भुवनेश्वर से नयी दिल्ली होकर पश्चिम एशिया जाने वाली उड़ानें हैं लेकिन ये महंगी हैं और अधिक समय लेती हैं। दोनों शहरों के बीच सीधी उड़ान होना आवश्यक है क्योंकि इसके लिए पर्याप्त संख्या में यात्री हैं।


Download Android App
Download iOS App



