‘मिशन 2019’ के लिए भाजपा का ‘युवा लक्ष्य’

Summary :

भाजपा युवा मोर्चा की अध्यक्ष एवं सांसद पूनम महाजन ने बताया नरेंद्र मोदी को 2019 में फिर से प्रधानमंत्री बनाने में देश के युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।

मिशन 2019 के लिए भाजपा का युवा मोर्चा बड़े पैमाने पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करने की तैयारी में है जिससे युवा वोटरों को लुभाया जा सके। इसके तहत चुनाव से पहले युवाओं का नेटवर्क तैयार करने के साथ आनलाइन एवं अन्य सम्पर्क कार्यक्रमों का खाका तैयार किया गया है।

युवा मोर्चा 50 लाख ऐसे युवा वोटरों का नेटवर्क तैयार करने पर काम कर रहा है, जो भाजपा के विजन 2019 के एजेंडे का समर्थन करेगा। इसके लिए युवा आईकॉन की मदद ली जाएगी और शैक्षणिक परिसरों में भी छात्र एम्बेसडर बनाए जाएंगे। भाजपा युवा मोर्चा की अध्यक्ष एवं सांसद पूनम महाजन ने बताया कि नरेंद्र मोदी को 2019 में फिर से प्रधानमंत्री बनाने में देश के युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। इस दिशा में भाजपा युवा मोर्चा आने वाले दिनों में अनेक कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है।

modi

शनिवार 12 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इन कार्यक्रमों की शुरूआत करेंगे। मतदाताओं को कॉलेज एवं विश्वविद्यालय के माध्यम से जोड़ने के लिए युवा मोर्चे ने व्यापक रणनीति बनाई है। इसके तहत कई स्तरों पर टीम का गठन किया जा रहा है । इसमें उत्कृष्ठ राय रखने वाले लेखक, ब्लॉगर, सोशल मीडिया से जुड़े हुए लोगों की एक टीम बनाएगी।

सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों की अलग टीम बनेगी। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों की टीम भी बनायी जा रही है । इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पेशेवरों को जोड़ा जा रहा है। उन लोगों की पहचान की जा रही है जो अच्छे वक्ता हों और नेतृत्व की क्षमता रखते हों। साथ ही तकनीक से जुड़ाव और समझ रखने वाले आईटी से जुड़े युवाओं की टीम भी तैयार की जा रही है। युवा मोर्चा का फोकस उन युवा वोटरों पर रहेगा, जो पहली बार वोट करेंगे।

15 लाख पार्टी कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी गई : भाजपा

जनवरी माह में ही युवा स्वयंसेवकों के लिये एक आनलाइन कार्यक्रम की शुरूआत अरूणाचल प्रदेश से किये जाने की योजना है। पार्टी का मानना है कि इस साल लोकसभा चुनाव के समय लगभग 19 करोड़ ऐसे युवा मतदाता होंगे, जो पहली बार वोट करेंगे। ऐसे युवाओं के लिए ‘पहला वोट मोदी को’ नारा दिया गया है।

bjp

2019 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर युवा मोर्चा जिला स्तर पर वॉट्सऐप ग्रुप बनाने से लेकर बाइक रैलियों के आयोजन की तैयारी कर रहा है। युवाओं से जुड़ने के अभियान की शुरुआत 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस से हो रही है। इसी दिन भाजपा की राष्ट्रीय परिषद का अधिवेशन भी संपन्न होगा।

जनवारी माह में कालेजों एवं विश्वविद्यालयों में युवा संगम का आयोजन किया जायेगा, साथ ही कमल खेल कप प्रतियोगिता, कैम्पस एम्बेसडर नेटवर्क, आनलाइन प्रतियोगिता तथा नेशन विद नमो लेखक सम्मेलन का आयोजन होगा। फरवरी में एक टाउन हाल प्रधानमंत्री के साथ भी आयोजित किये जाने की योजना है। फरवरी माह में विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन, कमल युवा सम्मेलन, और राज्य स्तरीय टाउन हाल का आयोजन किया जायेगा। मार्च महीने में नुक्कड़ नाटकों के आयोजन के साथ कमल संदेश बाइक रैलियों का आयोजन किया जायेगा।

Desk Team