आगामी 2019 लोकसभा चुनाव से पहले दिग्गज बॉलीवुड अभिनेत्री मौसमी चटर्जी बुधवार को यहां भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की उपस्थिति में उन्होंने बीजेपी का दामन थामा। बीजेपी में शामिल होने से पहले मौसमी चटर्जी ने बीजेपी के कई बड़े नेताओं से मुलाकात की थी।
बीजेपी के लिए मौसमी का पार्टी में शामिल होना अहम माना जा रहा है कहा जा रहा है कि बंगाल में लोकसभा चुनाव के दौरान वह बीजेपी का एक लोकप्रिय चेहरा होंगी। मौसमी 2004 के बाद सक्रिय राजनीति में वापसी कर रही हैं।
दरअसल, 2004 में कोलकाता के उत्तरपूर्व निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ चुकीं मौसमी को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार मोहम्मद सलीम से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद अब वह 15 साल बाद बीजेपी में शामिल हुई हैं।
मौसमी चटर्जी का जन्म 26 अप्रैल 1948 को कोलकाता में हुआ था। महज 19 साल की उम्र में उन्होंने बंगाली फिल्म से शुरुआत की थी। बंगाली फिल्मों के बाद उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था जहां उन्होंने कई अहम किरदार निभाए।


Download Android App
Download iOS App




