BRICS Summit 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स (BRICS) बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन को संबोधित करते हुए सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने का आह्वान किया।
ब्रिक्स के तीसरे दशक में प्रवेश करने पर पीएम मोदी ने बिजनेस काउंसिल के समक्ष तीन प्रमुख प्रस्ताव रखे, जिनमें व्यापार में आ रही शीर्ष 10 बाधाओं की पहचान करना, प्रतिवर्ष 100 स्टार्टअप्स को दूसरे सदस्य देशों के बाजारों में विस्तार के लिए सहयोग देना और 1,000 नए व्यापारिक समझौते स्थापित करना शामिल है।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि इन तीनों लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा हर साल की जानी चाहिए ताकि ब्रिक्स देशों की ताकत से वैश्विक चुनौतियों के ठोस समाधान निकाले जा सकें।
पीएम मोदी के संबोधन की 6 मुख्य बातें:
- व्यापारिक बाधाएं खत्म करने का रोडमैप: पीएम मोदी ने ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल से सदस्य देशों के बीच व्यापार की राह में आ रही शीर्ष 10 बाधाओं को चिह्नित कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का आग्रह किया।
- स्टार्टअप्स को ग्लोबल प्लेटफॉर्म: उन्होंने हर साल ब्रिक्स देशों के 100 स्टार्टअप्स को एक-दूसरे के बाजारों में स्थापित और विस्तारित करने के लिए सहायता प्रदान करने की बात कही।
- 1000 नए बिजनेस पार्टनरशिप: सदस्य देशों की अर्थव्यवस्थाओं को जोड़ने के लिए निजी क्षेत्रों और व्यवसायों के बीच 1,000 नए साझेदारियां बनाने का आह्वान किया और इनकी वार्षिक समीक्षा पर जोर दिया।
- सुरक्षित समुद्री मार्ग और नाविकों की सुरक्षा: प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक व्यापार की प्रगति तभी संभव है जब समुद्री रास्ते सुरक्षित हों, सप्लाई चेन खुली रहे और नाविक सुरक्षित रहें। भारत नौवहन की स्वतंत्रता का मजबूत समर्थक है।
- महिला सशक्तिकरण और वीमेन बिजनेस एलायंस: भारत के विजन में महिला उद्यमियों की केंद्रीय भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने खुशी जताई कि भारत में आयोजित इस बैठक में लगभग 200 महिला बिजनेस लीडर्स ने हिस्सा लिया।
- सामूहिक ताकत से वैश्विक समाधान: ब्रिक्स की प्राथमिकताओं को नतीजों में बदलने का आह्वान करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ब्रिक्स को खुद आगे बढ़ते हुए पूरी दुनिया को प्रगति के रास्ते पर ले जाना चाहिए।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी और सामूहिक तस्वीर
संबोधन से पहले प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स नेताओं, बिजनेस काउंसिल और वीमेन बिजनेस एलायंस की अध्यक्षों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाई। इस अवसर पर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल समेत कई प्रमुख वैश्विक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि भारत 2026 में 18वें ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। 11 देशों का यह समूह वैश्विक आबादी का लगभग 49.5%, वैश्विक जीडीपी का 40% और दुनिया के कुल व्यापार का 26% हिस्सा कवर करता है।
यह भी पढ़ें – खड़गे की सभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ पर झारखंड कांग्रेस ने एफआईआर के लिए दी लिखित शिकायत


Download Android App
Download iOS App



