मुरैना : मध्य प्रदेश में मुरैना जिले के कैलारस कस्बे के समीप एम एस रोड पर आज तड़के एक जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस को एक यात्री बस ने टक्कर मार दी। इससे जननी एक्सप्रेस पलट गई और उसमें सवार एक प्रसूता सहित तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।
कैलारस के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) ने बताया, ‘‘मृतकों की पहचान प्रसूता सुरक्षा धाकड़ (22), उसकी सास गयासौ बाई (55) और जननी एक्सप्रेस चालक बंटी धाकड (32) के रूप में की गई है। इन तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया कि इस हादसे में सुरक्षा धाकड़ का पति रामलखन और भाभी मीना गम्भीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मुरैना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये लोग जननी एक्सप्रेस में प्रसूता के साथ अटेंडेंट थे।
कुशवाहा ने बताया कि जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस आज सुबह 3 बजे सुरक्षा धाकड़ को प्रसूति के लिए कैलारस के सरकारी अस्पताल ले जा रही थी। तभी एमएस रोड शुगर फैक्ट्री के समीप सामने से आ रही एक यात्री बस ने उसे टक्कर मार दी। इससे जननी एक्सप्रेस पलटकर एक गड्ढे में जा गिरी। उन्होंने कहा कि बस का चालक बस को कुछ दूर खड़ी कर फरार हो गया। कुशवाहा ने बताया कि कैलारस पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। फरार ड्राइवर के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



