सीबीआई ने विदेशी चंदा नियमन अधिनियम (एफसीआरए) के कथित उल्लंघन के मामले में कॉरपोरेट लॉबिस्ट दीपक तलवार की निकट सहयोगी यास्मीन कपूर को बुधवार को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने बताया कि कपूर को तलवार से संबंधित गैर सरकारी संगठन ‘एडवांटेज इंडिया’ की ओर से एफसीआरए के कथित उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार किया गया है। कपूर तलवार से संबंधित कंपनियों का दिन-प्रतिदिन का परिचालन संभाल रही थी।
उन्होंने बताया कि सीबीआई को संदेह है कि कपूर ने एडवांटेज इंडिया द्वारा प्राप्त निधि को इधर-उघर करने में सक्रिय भूमिका निभाई।
अधिकारियों ने बताया कि कपूर को बृहस्पतिवार को सीबीआई की एक विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
यह मामला विदेशी चंदे के दुरुपयोग संबंधी आरोपों से संबंधित है। यह चंदा भारत में शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियां करने के लिए सीएसआर योजना के तहत प्राप्त किया गया था।
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने नवंबर 2017 में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद कहा था, ‘‘शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक कल्याण गतिविधियों के लिए विदेशी चंदा (नियमन) कानून, 2010 के तहत पंजीकृत दिल्ली स्थित निजी कंपनी/एनजीओ के बैंक खातों में 90.72 करोड़ रुपए की राशि मुख्य रूप से एक विदेशी कंपनी से कथित रूप से प्राप्त की गई थी।’’
प्रवक्ता ने कहा था कि एजेंसी ने दिल्ली स्थित एडवांटेज इंडिया, एकॉर्डिस हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, तलवार, एकॉर्डिस हेल्थ के सुनील खंडेलवाल, एकॉर्डिस हेल्थ के एमडी रमन कपूर, एक अन्य सलाहकार टी कपूर और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


Download Android App
Download iOS App



