चंडीगढ़, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। चंडीगढ़ में भाजपा ऑफिस के बाहर धमाका हुआ है। धमाके के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।
धमाका चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर होने की बात कही गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती रिपोर्ट से पता चला है कि धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई, जिससे इलाके के लोगों और राहगीरों में चिंता बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि धमाके से कुछ खिड़कियों के शीशे टूट गए और गाड़ियों के साथ ही साथ दीवारों पर छर्रों के निशान दिखाई दिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस, फायर डिपार्टमेंट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
पंजाब भाजपा के मीडिया प्रभारी विनीत जोशी ने बताया, “चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर शाम करीब 5:00 बजे धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ खिड़कियों के शीशे टूट गए हैं और कुछ वाहनों व दीवारों पर छर्रों के निशान देखे जा सकते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमाके का सटीक कारण पुलिस ही बता पाएगी।”
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थन पर मौजूद हैं और धमाके के पीछे की वजह तलाशने की कोशिश कर रहे हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना से पहले या बाद में किसी भी संदिग्ध हरकत का पता लगाने के लिए आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
धमाके से कई गाड़ियों को नुकसान हुआ, और मौके पर टूटे हुए पार्ट्स और निशान दिख रहे हैं। हालांकि, धमाका असल में कैसे हुआ, यह अभी साफ नहीं है। शुरुआती जानकारी से पता चला है कि धमाके के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई और जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस ने पूरे चंडीगढ़ में अलर्ट जारी कर दिया है और एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। सूत्रों ने बताया कि यह घटना मोटरसाइकिल सवार लोगों ने की होगी, हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
–आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



