छठ पूजा में राजनीति नहीं होनी चाहिए, सभी को त्योहार मनाने की आजादी मिले : साध्वी निरंजन ज्योति

Summary :

कानपुर देहात, 14 नवंबर (आईएएनएस)। नेशनल कमीशन फॉर बैकवर्ड क्लासेस की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने मुंबई में छठ पूजा को लेकर भाजपा पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के आरोपों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के फोन टैपिंग और जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर प्रतिबंध बढ़ाए जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के आयोजन में राजनीतिक दलों को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए और सभी को अपने त्योहार मनाने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। छठ पूजा के मुद्दे पर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि हर प्रदेश का अपना त्योहार…

कानपुर देहात, 14 नवंबर (आईएएनएस)। नेशनल कमीशन फॉर बैकवर्ड क्लासेस की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने मुंबई में छठ पूजा को लेकर भाजपा पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के आरोपों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के फोन टैपिंग और जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर प्रतिबंध बढ़ाए जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के आयोजन में राजनीतिक दलों को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए और सभी को अपने त्योहार मनाने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।

छठ पूजा के मुद्दे पर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि हर प्रदेश का अपना त्योहार और परंपरा होती है। छठ पर्व मूल रूप से बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल का त्योहार है, लेकिन अब यह पूरे देश में मनाया जा रहा है। भारत में रहने वाले बिहार के लोग ही नहीं, बल्कि देश से बाहर रह रहे लोग भी इस पर्व को मनाते हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से अनुरोध किया कि त्योहारों के आयोजन में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। सभी को अपने त्योहार और परंपराओं के अनुसार उत्सव मनाने देना चाहिए। यह अच्छी बात है कि देश में परंपराओं से जुड़े त्योहार मनाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि जिस तरह सूरज के उगने से अंधकार दूर होता है और प्रकाश फैलता है, उसी तरह लोगों के जीवन से भी अंधकार दूर हो और वे प्रकाश की ओर बढ़ें।

केंद्र सरकार पर राहुल गांधी के फोन टैपिंग के आरोपों पर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि वह आयोग की अध्यक्ष होने के बावजूद पार्टी की राजनीति से ऊपर उठकर राहुल गांधी को सुझाव देना चाहेंगी कि उन्हें विपक्ष के नेता के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन करना चाहिए। विपक्ष के नेता को मुद्दों पर बात करनी चाहिए। हर मामले में आरोप लगाना उचित नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी हार के भय और बौखलाहट में हर संस्था पर आरोप लगा रहे हैं। साध्वी ने कहा कि जिस ईवीएम और निर्वाचन आयोग के आधार पर राहुल गांधी, उनकी बहन और उनकी पार्टी के सांसद उत्तर प्रदेश में निर्वाचित हुए हैं, उसी व्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि ईवीएम में गड़बड़ी होती तो उनकी पार्टी के नेता भी चुनाव नहीं जीत पाते। देश में निष्पक्ष चुनाव होते हैं और किसी पर आरोप लगाने से पहले तथ्यों पर विचार करना चाहिए।

साध्वी निरंजन ज्योति ने राहुल गांधी को देश के इतिहास को याद करने की सलाह देते हुए आपातकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान मीडिया और आम जनता के अधिकारों का हनन हुआ था। उन्होंने 1984 के दंगों का भी जिक्र किया और राहुल गांधी को उनके पिता के बयान की याद दिलाई, जिसमें कहा गया था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती थोड़ी हिलती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपने पूर्वजों के इतिहास और अपने बयानों पर भी विचार करना चाहिए।

जाकिर नाइक के संगठन आईआरएफ पर प्रतिबंध बढ़ाए जाने पर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल संगठनों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। ऐसे संगठनों के खिलाफ केवल आरोप लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विरुद्ध प्रतिबंध की कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिबंध केवल पांच साल के लिए नहीं, बल्कि स्थायी रूप से लगाया जाना चाहिए।

उन्होंने नक्सलवाद और आतंकवाद के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है और आतंकवाद भी समाप्ति की ओर है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से जाकर पूछा जाना चाहिए कि वहां हालात में किस तरह बदलाव आया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के हाथों बड़े नेताओं के मारे जाने का भी उल्लेख किया। साध्वी ने कहा कि देश में शांति और व्यवस्था कायम है तथा लोग सुकून से जीवन बिता रहे हैं। राजनीतिक दलों को राजनीतिक मुद्दों पर बात करनी चाहिए, न कि दूसरों पर कटाक्ष करना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत का गौरव और सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि जिन घरों में पहले बिजली नहीं थी, वहां बिजली पहुंची है और जिन क्षेत्रों में सड़कें नहीं थीं, वहां सड़कें बनाई गई हैं। रेलवे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले जिन पटरियों पर दुर्घटनाएं होती थीं और ट्रेनें देर से चलती थीं। अब स्थितियों में सुधार हुआ है। व्यवस्था के व्यवस्थित होने से कुछ लोग परेशान हैं और उनकी बेचैनी इसी बदलाव का परिणाम है।

–आईएएनएस

पीएसके/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.