बालोद, 25 सितंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के मरकाटोला घाट में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी और घायलों के इलाज के लिए प्रशासन को निर्देश दिए हैं।
कवर्धा से जगदलपुर जा रही एक गाड़ी खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे गेहूं लदे 16 पहिया ट्रक ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, कवर्धा से जगदलपुर जा रही गाड़ी में कई यात्री सवार थे। हालांकि, मरकाटोला घाट में गाड़ी अचानक खराब हो गई। गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया और दो लोग मैकेनिक की तलाश में धमतरी चले गए।
बताया गया कि खड़ी गाड़ी में 13 यात्री मौजूद थे। इस दौरान शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे गेहूं से लदे ट्रक ने पीछे से खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक खड़ी गाड़ी को घसीटते हुए कुछ दूर तक आगे ले गया।
इस घटना के बाद गाड़ी में सवार लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया कि आखिर यह हुआ क्या। हालांकि, हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। इलाज के दौरान चार अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया।
इस तरह हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई। फिलहाल सात घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छह लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस हृदयविदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। दुःख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि कांकेर-बालोद एवं धमतरी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 स्थित मरकाटोला घाट पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कवर्धा के लोगों के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। हादसे में घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल रेफर किया गया है। मैंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
–आईएएनएस
एएमटी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



