छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव: कुनकुरी में कांग्रेस ने जीता अध्यक्ष पद

Summary :

कुनकुरी में कांग्रेस ने भाजपा प्रत्याशी को 81 वोटों से हराया

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में कुनकुरी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के प्रत्याशी विनयशील ने भाजपा के प्रत्याशी सुदबल राम यादव को 81 वोटों से हराया। नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना के बाद यह परिणाम सामने आया। कुल 15 वार्डों में से 8 वार्डों में भाजपा और 7 वार्डों में कांग्रेस ने जीत हासिल की।

इस चुनाव में कांग्रेस के लिए यह महत्वपूर्ण जीत मानी जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस परिणाम पर आपत्ति जताते हुए भाजपा प्रत्याशी ने रिकाउंटिंग की मांग की, जिस पर फिर से हुई मतों की गणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की। उधर, विनयशील की बात करें, तो वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अहम राजनीतिक सलाहकार के तौर पर काम भी कर चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए 11 फरवरी को वोट डाले गए थे। छत्तीसगढ़ में सभी नगरी निकाय क्षेत्रों में कुल 72 प्रतिशत वोटिंग हुई। इस बार महिला मतदाताओं ने पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा कम वोट किया था। रायपुर नगर निगम में 44.4 प्रतिशत, दुर्ग नगर निगम में 63.78 प्रतिशत, राजनांदगांव नगर निगम में 75.82 प्रतिशत, बिलासपुर में 55 प्रतिशत, अंबिकापुर में 63.10 प्रतिशत, चिरमिरी में 66.82 प्रतिशत, जगदलपुर में 57.52 प्रतिशत, रायगढ़ में 70.91 प्रतिशत, कोरबा में 51.66 प्रतिशत और धमतरी जिले में 77.69 प्रतिशत मतदान हुआ था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.