बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड (पीएमएनआरएफ) से राजीव गांधी फाउंडेशन को पैसा डोनेट किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के ‘राजीव गांधी फाउंडेशन (आरजीएफ) से जुड़े आरोपों को लेकर शनिवार को पलटवार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि क्या आरजीएफ द्वारा चीन को पैसा लौटा देने से लद्दाख में चीनी सेना का अतिक्रमण खत्म हो जाएगा और पूर्व की यथास्थिति बहाल हो जाएगी।
भाजपा इस तथ्य को क्यों छिपा रही है कि 2005 में पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से आरजीएफ को प्राप्त 20 लाख रुपये अंडमान और निकोबार में सुनामी राहत कार्य के लिए थे? और यह कि प्रत्येक रुपया किस उद्देश्य के लिए खर्च किया गया था?
— P. Chidambaram (@PChidambaram_IN) June 27, 2020
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा अर्धसत्य बोलने में माहिर हैं। मेरे सहयोगी रणदीप सुरजेवाला ने कल उनकी आधी सच्चाई उजागर की।’’ पूर्व गृह मंत्री ने सवाल किया, ‘‘आरजीएफ को 15 साल पहले मिले अनुदान का मोदी सरकार के तहत 2020 में चीन के भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करने से क्या लेनादेना है?”
उन्होंने कहा “मान लीजिए कि आरजीएफ 20 लाख रुपये लौटा देती है, तो क्या प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी देश को भरोसा दिलाएंगे कि चीन अपना अतिक्रमण खाली करेगा और पूर्व की यथास्थिति बहाल करेगा?’’ उन्होंने कहा, ‘‘नड्डा जी, वास्तविकता के धरातल पर आइए, अर्धसत्य वाले अतीत में मत रहिए। कृपया भारतीय क्षेत्र में चीनी घुसपैठ पर हमारे सवालों के जवाब दीजिए।’’
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने आरोप लगाया है कि 2005 में आरजीएफ को चीनी दूतावास से पैसे मिले थे। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर चीनी घुसपैठ से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया और कहा कि दिव्यांगों के कल्याण एवं भारत-चीन संबंधों पर शोध के लिए आरजीएफ को यह अनुदान मिला था और रिटर्न फाइल करने के दौरान इसका उल्लेख किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



