हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बादल फटा है। इस घटना में आसपास के क्षेत्र में नुकसान हुआ है। डीसी कुल्लू तोरुल एस रविश ने हालात का जायजा लेने के लिए प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। डीसी तोरुल एस. रवीश ने कहा कि भूतनाथ ब्रिज के पास की सड़क क्षतिग्रस्त है। जिले में लगभग 101 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है, जबकि निजी संपत्ति का नुकसान लगभग 1.8 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। अभी भी पटवारियों द्वारा नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है। कंडीकटोला रोड के पास लैंड स्लाइड की वजह से बहुत सारी गाड़ियां फंसी हैं, जिनको निकालना हमारी प्राथमिकता है। लोगों को सुविधाएं दी जा रही हैं।
100 से ज्यादा सड़कें बंद
उन्होंने कहा कि जिले में अब तक 103 सड़कें बंद हो चुकी हैं। बिजली आपूर्ति के लिए लगे कुल्लू डिवीजन में 81 ट्रांसफॉर्मर, जबकि थलौट डिवीजन (बंजार-सैंज क्षेत्र) में 500 ट्रांसफॉर्मर ठप हैं। 64 पेयजल योजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनकी मरम्मत का काम जारी है। उन्होंने कहा कि बीती रात भी ऊपरी इलाकों में हालात बिगड़े। देर रात करीब तीन बजे कुल्लू की लगघाटी के नाले में बादल फटने से आए सैलाब में कणौण गांव की दो दुकानें, दो पुलिया और सड़क किनारे खड़े वाहन बह गए। इसका असर सरवरी नदी में भी दिखा। तेज बहाव में एक छोटा पुल और सड़क का हिस्सा बह गया।
लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील
प्रशासन का कहना है कि बंद पड़ी सड़कें और पेयजल योजनाएं जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। कई इलाकों में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से सड़कें, बिजली और पानी की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अफवाहों से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।


Download Android App
Download iOS App



