रोहित शर्मा पर टिप्पणी: सतीश पूनिया ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Summary :

कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर सतीश पूनिया का पलटवार

भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा को लेकर कांग्रेस नेता द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा नेता सतीश पूनिया ने कहा कि वह सस्ती लोकप्रियता के लिए ऐसा कर रहे हैं। सतीश पूनिया ने कहा कि मैं समझता हूं कि इस तरीके की टिप्पणी सस्ती लोकप्रियता के ल‍िए की जाती है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने विश्व कप जीता है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम बढ़िया प्रदर्शन कर रही है। मुझे लगता है कि कांग्रेस के नेताओं को ऐसी बेतुकी बातें नहीं करनी चाहिए।

इस दौरान, सतीश पूनिया ने हरियाणा में कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या मामले में कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि सरकार पर सवाल उठाने से अच्छा है कि हिमानी की मां को जवाब दें। सतीश पूनिया ने कहा कि हिमानी की मां के आरोपों से कांग्रेस नेताओं की पोल खुल चुकी है। कांग्रेस के लोगों को जनता के सामने इन आरोपों का जवाब देना चाहिए, लेकिन उनके लोग सरकार को कोस रहे हैं।

वहीं, हरियाणा में निगम चुनाव को लेकर भाजपा नेता सतीश पूनिया ने कहा कि हरियाणा में डबल इंजन की सरकार और सुशासन पर जनता की मुहर लगी है। हमने यह संकल्प लिया है कि ट्रिपल इंजन की सरकार भी हमारी बनेगी। शहरों के विकास के लिए हमने संकल्प पत्र घोषित किए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा का एक अलग संकल्प पत्र है। हमने शहरी निकायों को ताकत देने की बात की है। जनता ने हम पर भरोसा किया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान किया है। सतीश पूनिया में उम्मीद जताते हुए कहा कि इस चुनाव में भी हमारी ही जीत होगी। भाजपा नेता सतीश पूनिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ”मैंने कांग्रेस को जितना समझा है, उस पर मुझे अफसोस होता है कि विपक्ष के नाते वह अपनी भूमिका नहीं निभा रही है और न ही उनकी मंशा है। मुझे लगता है कि वह अनंत काल तक विपक्ष में बैठना चाहते हैं, इसलिए उन्हें सही तरीके से ट्रेनिंग ले लेनी चाहिए।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.