भोपाल : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस की समन्वय समिति की राज्यव्यापी यात्रा 31 मई से टीकमगढ़ जिले में प्रसिद्ध राम राजा की नगरी ओरछा से प्रारंभ होगी। श्री सिंह ने यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में समन्वय समिति की पहली बैठक के बाद संवाददाताओं से चर्चा में यह जानकारी दी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और अन्य नेता भी मौजूद थे।
श्री सिंह ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य जिला और ब्लाक स्तर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच मतभेद दूर कर आपस में समन्वय बनाना है। यात्रा के दौरान समिति के सदस्य संबंधित जिले और ब्लाक के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और जिला मुख्यालयों पर रात्रि व्यतीत भी करेंगे। प्रयास रहेगा कि 31 अगस्त तक पूरे प्रदेश का कम से कम एक दौरा पूर्ण हो जाए।
उन्होंने बताया कि यात्रा की शुरूआत ओरछा में राम राजा मंदिर में पूजन के साथ होगी। समिति के सदस्य 31 मई को टीकमगढ़ जिला मुख्यालय पर रूकेंगे। एक जून को छतरपुर और दो जून को पन्ना में रात्रि विश्राम होगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के छह जून को मंदसौर जिले के दौरे के कारण तीन से छह जून तक तिथियां रिक्त रखी गयी हैं। दूसरे चरण में खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी और झाबुआ को शामिल किया जाएगा।
श्री सिंह ने साफ तौर पर कहा कि समिति के सदस्य आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और वे कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच मनमुटाव होने की स्थिति में उसे दूर करने का प्रयास करेंगे। यात्रा के दौरान समिति टिकट के दावेदारों से बायोडाटा भी हासिल नहीं करेगी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



