कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने सचिन पायलट से पूछा- ‘घर वापसी’ को लेकर क्या ख्याल हैं?

Summary :

कपिल सिब्बल ने पायलट के बयान पर चुटकी लेते हुए ट्वीट किया,”झूठी अफवाहें फैलने लगीं। पायलट: ‘मैं बीजेपी में शामिल नहीं हो रहा हूं’।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शामिल न होने के बाद गुरुवार को पार्टी के दिग्गज नेता कपिल सिब्बल ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि हरियाणा के मानेसर में विधायक छुट्टी पर हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि ‘घर वापसी’ को लेकर क्या ख्याल है। 
सिब्बल ने पायलट के बयान पर चुटकी लेते हुए ट्वीट किया,”झूठी अफवाहें फैलने लगीं। पायलट: ‘मैं बीजेपी में शामिल नहीं हो रहा हूं’। मुझे लगता है कि हरियाणा के मानेसर के एक होटल में विधायक बीजेपी की चौकस नजर के बीच कम्फर्ट जोन में सिर्फ छुट्टियां मना रहे हैं। ‘घर वापसी’ के बारे में क्या कहेंगे?”बता दें कि पायलट ने कहा था कि उनकी भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने आरोप भी लगाया कि वरिष्ठ नेतृत्व की नजर में उनकी छवि खराब करने के लिए कुछ लोग झूठी अफवाह फैला रहे हैं। 

इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस ने अशोक गहलोत के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व करने के चलते पायलट को राजस्थान पीसीसी प्रमुख और उपमुख्यमंत्री के पद से बर्खास्त कर दिया था। इससे पहले भी पूर्व केन्द्रीय मंत्री सिब्बल ने ट्वीट किया था, “हमारी पार्टी के लिए चिंता की बात है। क्या हम घोड़ों के तबेले से निकलने के बाद ही जागेंगे?” गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में हुए विद्रोह के कुछ ही महीनों के अंदर पार्टी को दूसरी बार राजनीतिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। सिंधिया के विद्रोह ने मप्र में कमलनाथ सरकार को गिरा दिया था। 

Desk Team