पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम की पैरवी किये जाने के बाद कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि यह बयान दिखाता है कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है।
सिंह के बयान के बारे में पूछे जाने पर पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ” पार्टी उन मामलों पर अपनी सार्वजनिक राय रखती है, जो पार्टी के अंदरुनी मामले नहीं होते हैं। जहाँ तक पार्टी के अंदरुनी मामलों का संबंध है, उसके ऊपर हर कार्यकर्ता को, हर नेता को अधिकार है कि वो अपनी राय रख सकता है। ”
उन्होंने कहा, ‘कैप्टन अमरिन्दर सिंह जी ने और शशि थरुर जी ने अपनी राय व्यक्त की है। ये कांग्रेस में अंदरुनी लोकतंत्र होने का जीता-जागता उदाहरण है।”
गौरतलब है कि सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका के नाम की पैरवी करते हुए कहा कि अगर वह अध्यक्ष चुनी जाती हैं तो हर तरफ से उन्हें समर्थन मिलेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ पार्टी की बागडोर अपने हाथों में लेने के लिए प्रियंका बिल्कुल सही पसंद होंगी। लेकिन यह पूरी तरह से कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) पर निर्भर करता है। सीडब्ल्यूसी ही इस मामले पर फैसला लेने के लिए अधिकृत है।’’


Download Android App
Download iOS App



