जनता के साथ ममता का जुड़ाव खत्म हो गया है : भाजपा

Summary :

प्रदर्शन नहीं रहने के बाद जनता से संपर्क के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस का हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट शुरू किया है।

लोगों की समस्याओं को सुलझाने के लिए हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट शुरू करने वाली तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि इससे जाहिर होता है कि जनता के साथ उनका जुड़ाव खत्म हो गया है। 
भाजपा ने दावा किया है कि सत्ताधारी पार्टी ने बहुत पहले उसके द्वारा शुरू पहल की नकल की है और इसमें कुछ भी नया नहीं है। 
लोकसभा चुनाव में आशा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं रहने के बाद जनता से संपर्क के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस का हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट शुरू किया है। 
भाजपा नेता मुकुल रॉय ने कहा, ‘‘हेल्पलाइन और वेबसाइट शुरू करना इस बारे में स्पष्ट संकेत है कि ममता बनर्जी अब तक जनसंपर्क नहीं विकसित कर पायी हैं और जनता के साथ उनका जुड़ाव खत्म हो गया है। ’’ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उन्होंने राज्य के लोगों से केवल मिथ्या वादे किए ।’’ 
केंद्रीय मंत्री और आसनसोल से भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो ने कहा कि लगता है कि राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने यह विचार दिया है। सुप्रियो ने कहा, ‘‘परिवर्तन चाहने वाले लोग तृणमूल से अब तंग आ चुके हैं और अब उससे छुटकारा चाहते हैं।’’ 

Desk Team