नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के सालाना उर्स के मौके पर अजमेर शरीफ के लिए सोमवार को चादर पेश की। गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘ख्वाजा ग़रीब नवाज़ मोइनुद्दीन चिश्ती के सालाना उर्स के अवसर पर ख़िराज- ए- अक़ीदत पेश करते हुए चादर पेश की।’’
उनकी ओर से चादर पेश किए जाने के मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, सलमान खुर्शीद, अविनाश पांडे तथा कई अन्य नेता मौजूद थे। कुछ महीने पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर शरीफ के लिए चादर पेश की थी जिसे अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने दरगाह पर चढ़ाया था।
राहुल ने इथोपियन एयरलाइंस विमान हादसे पर दुख जताया
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इथोपियन एयरलाइंस के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर सोमवार को दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। गौरतलब है कि इथोपिया से कीनिया की राजधानी नैरोबी जा रहा विमान रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में चार भारतीय नागरिकों सहित 157 लोगों की मौत हो गयी।
गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ”इथोपियन एयरलाइंस के विमान की दुर्घटनाग्रस्त होने की ख़बर से मुझे बहुत दुख पहुँचा है। उन्होंने कहा, ”इस विमान में चार भारतीय भी थे। दुख की इस घड़ी में, पीड़ित परिवारों के प्रति, मैं अपनी गहरी शोक और संवेदना व्यक्त करता हूँ।


Download Android App
Download iOS App




