कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों के लिए 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की

Summary :

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए अपने 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी ।इसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए अपने 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी । इसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी के भी नाम हैं जो क्रमशः रायबरेली और अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे।

सूत्रों के मुताबिक पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस सूची को मंजूरी मिली। इस सूची में उत्तर प्रदेश के लिए 11 और गुजरात के चार उम्मीदवार घोषित किये गए हैं।

आपको बता दे कि यूपी में समाजवादी पार्टी (एसपी) और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के गठबंधन में कांग्रेस को शामिल किए जाने की चर्चाओं के बीच यह लिस्ट जारी करके कांग्रेस ने नया दांव चल दिया है।

यूपी के लिए जारी लिस्ट में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं निर्मल खत्री, आर पी एन सिंह, सलमान खुर्शीद, इमरान मसूद, अनु टंडन, जितिन प्रसाद, सोनिया गांधी और खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम शामिल हैं।

वहीं, गुजरात के लिए चार नाम जारी किए गए हैं। गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष भारत सिंह सोलंकी को आनंद, प्रशांत पटेल को वडोदरा, रणजीत मोहन सिंह को छोटा उदयपुर (आरक्षित) और राजू परमार को अहमदाबाद वेस्ट (आरक्षित) सीट से उतारा गया है।

Desk Team