भोपाल : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पीसीसी में जिलों से आये युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के पदाधिकारियों से कहा कि हम सबका लक्ष्य एक है और हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती समय की है। हमारे पास केवल 90 दिन बचे हैं। हमारा एक सूत्रीय कार्यक्रम चुनाव है। उन्होंने युवा कांग्रेस से कहा कि राजनीति की इकाई अब गांव हो गई है। यह बड़ा राजनैतिक परिवर्तन है। आज हर वर्ग परेशान है। लोगों में आक्रोश है और सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार हैं।
इस मौके को किसी भी कीमत पर हाथ से नहीं जाने दें। इस अवसर को सीट में बदलने की रणनीति पर काम करना है। इसका फायदा उठाकर एक वैचारिक आग लगा देना है। आगे आपको कुछ कहने की जरूरत नहीं है। यह मेरे भविष्य का सवाल नहीं, यह सवाल है मध्यप्रदेश और आपके भविष्य का। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मठ कांग्रेसी अपने घर के ऊपर कांग्रेस का झंडा जरूर फहरायें। कमलनाथ ने कहा कि हमारा मुकाबला उन लोगों से है, जिनकी कोई नीयत नहीं, जिनकी शराफत नहीं। उन्होंने कहा कि छह महीने तक कुछ पूछने की जरूरत नहीं है।
हर वह चीज करें जो चुनाव जीतने के लिए जरूरी हो। भाजपा को उनकी भाषा में जबाव दें तथा अपनी रणनीति स्थानीय स्तर पर स्वयं बनायें। यह काम नगर पंचायत और नगर पालिका क्षेत्र में सभी को करना है। श्री नाथ ने महिला कांग्रेस से कहा कि भाजपा महिलाओं को अपना सबसे मजबूत वोटर्स मानती है। आज महिलाओं का एक बड़ा वर्ग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। यही राजनैतिक परिवर्तन है। इस परिवर्तन के लिए महिलाओं को ब्लाक स्तर तक अपनी ताकत दिखाना होगी, तभी हम भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने में कामयाब होंगे।
इस बीच कमलनाथ ने कांग्रेस सेवादल से कहा कि कांग्रेस को जिताने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सेवादल ऐसा संगठन है जो बिना किसी भेदभाव के सिर्फ कांग्रेस के लिए काम करता है। उन्होंने एनएसयूआई से कहा कि प्रदेश के हर कॉलेज के बाहर गेट मीटिंग कर उन्हें हर दिल में बदलाव की आग लगानी होगी। इसकी रणनीति कल से ही शुरू करें। आपका राजनैतिक भविष्य तभी सुरक्षित रहेगा, जब भाजपा को सत्ता से हटाया जाए।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



