भोपाल : राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय समन्वय समिति की 94वीं बैठक में कहा कि विश्वविद्यालयों के परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जाएं तथा एक जुलाई के पहले नये प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाये। सभी विश्वविद्यालयों में एक जुलाई को प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए स्वागत समारोह का आयोजन किया जाए। समारोह में पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाये। इस दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विश्वविद्यालय का कैलेण्डर सभी प्रवेश लेने वाले छात्रों तक समय पर पहुंचे।
विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों में प्रवेश लेने वाले अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों से प्रवेश पंजीयन शुल्क नहीं लिया जाए। राज्यपाल पटेल ने कुलपतियों से मध्यप्रदेश टीबी मुक्त अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आव्हान किया। जिला कलेक्टरों के सहयोग से कालेजों के कुलपति, रजिस्ट्रार और प्रोफेसर शून्य से 18 वर्ष से कम आयु के एक-एक टीबी रोगी बच्चे को गोद लें।
श्रीमती पटेल ने केन्द्र सरकार के स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में कॉलेजों की भागीदारी तय करने के लिये ग्रीष्मकालीन योजना तैयार करने को कहा। इस दौरान छात्र-छात्राओं से स्वच्छता और शौचालयों की आवश्यकता पर निबंध व नाटक लिखवाने, प्रतियोगिताएं आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत करने को भी कहा। विश्वविद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों में कुलपतियों की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए। अगर कुलपतियों को देश अथवा प्रदेश से बाहर जाना है, तो उन्हें इसके लिए कारणों सहित आवेदन प्रस्तुत करना होगा।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



