कांग्रेस ने संसद में जारी गतिरोध के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए आज आरोप लगाया कि मोदी सरकार साजिश के तहत संसद में लोकमहत्व के मुद्दों पर चर्चा कराने से भाग रही है और विपक्ष को मौका दिए बिना सदन की कार्यवाही स्थगित की जा रही है।
लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने यहां आरोप लगाया कि सरकार संसद की कार्यवाही जानबूझकर नहीं चलने दे रही है और वह बैंक घोटाले के साथ ही लोकमहत्व के अन्य मुद्दों पर चर्चा कराने से भाग रही है इसलिए विपक्ष के हंगामे का बहाना लेकर कार्यवाही स्थगित की जा रही है।
बजट सत्र के दूसरे चरण में वह देख रहे हैं कि जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरु होती है और विपक्षी सदस्य अपनी मांग उठाते हैं तो सदन की कार्यवाही तुरंत स्थगित कर दी जाती है। उन्होंने इसे साजिश करार दिया और आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष को अपनी बात रखने का मौका नहीं देना चाहती।
मोदी सरकार बैंक घोटाले जैसे मुद्दों पर चर्चा से बचना चाहती है इसलिए विपक्ष को मौका दिए बिना संसद की कार्यवाही स्थगित की जा रही है। संसद के बाहर विपक्ष को बदनाम करने के लिए यह कहा जा रहा है कि वह कार्यवाही नहीं चलाने दे रहा है। लगातार सात दिन से लोकसभा की कार्यवाही पांच मिनट के भीतर स्थगित की जा रही है और यह लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



