कोविड-19 की दूसरी लहर के बीच देश भर में ऑक्सीजन की बढ़ती मांग और इसकी आपूर्ति में आने वाली बाधाओं को कम करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा समन्वित एक अभियान के तहत भारतीय वायु सेना इजराइल से अपने सी17 मालवाहक विमान में तीन क्रायोजेनिक कंटेनरों को लेकर आई।
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तरल ऑक्सीजन परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले क्रायोजेनिक सिलेंडर दुनिया भर से खरीदे जा रहे हैं और गृह मंत्रालय के समन्वय में भारतीय वायुसेना द्वारा इन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाया जा रहा है।
गृह मंत्रालय ने ट्वीट किया, तेल अवीव में लोड किए गए तीन क्रायोजेनिक कंटेनर और अतिरिक्त श्वासयंत्र के साथ आईएएफ का सी17 हिंडन एयरबेस के लिए उड़ान भरने जा रहा है। गृह मंत्रालय और भारतीय वायु सेना कोविड-19 की दूसरी लहर के बीच ऑक्सीजन की आपूर्ति और चिकित्सा उपकरणों को उपलब्ध कराने के लिए समन्वय में काम कर रहे हैं।
हाल ही में, इस अभियान के तहत सिंगापुर और बैंकॉक से सिलेंडरों को लाया गया था। देश में कोविड-19 के एक दिन में रिकॉर्ड 4,14,188 नये मामले सामने आने के बाद कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले 2,14,91,598 हो गए जबकि देश में 36 लाख से अधिक मरीज अब भी इस बीमारी की चपेट में हैं।


Download Android App
Download iOS App



