झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए पांच चरणों में मतदान 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक हुआ था। सभी सीटों के लिए ईवीएम में बंद मतों की गणना सोमवार को होगी।
24 जिला मुख्यालयों में गिनती सुबह 8 बजे से ही शुरू हो जाएगी। मतगणना का अधिकतम दौर चतरा में 28 राउंड और सबसे कम दो राउंड चंदनकियारी और तोरपा सीटों पर होगा।
निर्वाचन आयोग ने सभी जिला मुख्यालयों में इस बाबत इंतजाम कर लिए हैं। पहला परिणाम सोमवार दोपहर 1 बजे आने की उम्मीद है।
चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस गठबंधन ने मतदाताओं को लुभाने की भरपूर कोशिश की।
राज्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अलग-अलग नौ रैलियां हुई थीं।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पांच और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक रैली को संबोधित किया था।
मतगणना के दिन जिस सीट पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी, वह है जमशेदपुर पूर्वी सीट। मुख्यमंत्री रघुवर दास वर्ष 1995 से यहां से जीतते आ रहे हैं। उनके खिलाफ उनके पूर्व-कैबिनेट सहयोगी सरयू राय मैदान में हैं। राय ने पार्टी से टिकट कटने के बाद बगावत कर मुख्यमंत्री की राह का कांटा बनने का फैसला किया।
अन्य महत्वपूर्ण सीटें हैं-दुमका और बरेट, जहां से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं। दुमका में वह समाज कल्याण मंत्री लुइस मरांडी के खिलाफ मैदान में हैं।


Download Android App
Download iOS App



