कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोरोना वायरस के मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक हालिया टिप्पणी को लेकर उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर कोविड-19 की यह ‘संभली हुई स्थिति’ है तो ‘बिगड़ी स्थिति’ किसे कहेंगे।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ कोरोना का ग्राफ कम नहीं हो रहा है, भयावह होता जा रहा है। अगर ये प्रधानमंत्री की ‘संभली हुई स्थिति’ है तो ‘बिगड़ी स्थिति’ किसे कहेंगे?’’ कांग्रेस नेता ने देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने से जुड़ा ग्राफ भी शेयर किया।
Corona curve- Frightening not Flattening.
अगर ये PM की ‘संभली हुई स्थिति’ है तो ‘बिगड़ी स्थिति’ किसे कहेंगे? pic.twitter.com/pKU57CNaKA
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 13, 2020
प्रधानमंत्री मोदी ने 27 जुलाई को कहा था कि सही समय पर सही फैसले लेने की वजह से कोरोना के मामले में भारत की स्थिति अन्य देशों के मुकाबले संभली हुई है। उन्होंने कहा था कि आज भारत में पांच लाख से ज्यादा टेस्ट हर रोज हो रहे हैं और आने वाले हफ्तों में इसको 10 लाख प्रतिदिन करने की कोशिश हो रही है।
प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम में नोएडा, मुम्बई और कोलकाता में उच्च क्षमता वाली कोविड-19 परीक्षण सुविधाओं का शुभारंभ करने के बाद उक्त बातें कही थीं।
गौरतलब है कि देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 66,999 मामले सामने आए और इसी के साथ बृहस्पतिवार को संक्रमण के मामले बढ़कर 23,96,637 हो गए। वहीं, देश में अब तक 16,95,982 लोग उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हुए हैं। संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की संख्या में इजाफे से देश में स्वस्थ होने की दर 70.77 प्रतिशत हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



