माकपा ने दिया मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस

Summary :

NULL

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा महासचिव को भेज दिया है।  लोकसभा में माकपा संसदीय दल के नेता पी करुणाकरन की ओर से लोकसभा महासचिव को आज सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस भेजा गया है।

लोकसभा की कार्यवाही संचालन की प्रक्रिया संबंधी नियम 198 बी के तहत भेजे गये नोटिस में महासचिव से अविश्वास प्रस्ताव को सदन की 27 मार्च की संशोधित कार्यसूची में शामिल की मांग की है। पार्टी के लोकसभा सदस्य मोहम्मद सलीम ने बताया कि उनके दल ने चार प्रमुख मुद्दों के हवाले से केन्द्रीय मंत्रिपरिषद के प्रति अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

सलीम ने बताया कि ये मुद्दे देश और जनता की आर्थिक आजादी पर हो रहे हमले, महिलाओं और कमजोर वर्गों के खिलाफ दमनकारी गतिविधियों के कारण देश के सामाजिक तानेबाने को छिन्न भिन्न करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं और मूल्यों को तहस-नहस करने और देश की विदेश नीति को कमजोर करने से संबंधित है।

उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से इन मुद्दों के हवाले से सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस, तेलुगू देशम पार्टी और वाईएसआर कांग्रेस विभिन्न मुद्दों पर सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दे चुके हैं।

अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।

Desk Team