केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शनिवार को कोविड-19 टीकाकरण अभियान के पहले दिन समीक्षा बैठक की और राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के अपने समकक्षों से इस टीके को लेकर अफवाहों एवं दुष्प्रचार पर अंकुश लगाने का आह्वान किया।
एक बयान के अनुसार हर्षवर्धन ने कोरोना वायरस के विरुद्ध दुनिया के इस सबसे बडे़ अभियान की सफल शुरुआत को लेकर राज्यों एवं केंद्रशासित क्षेत्रों के प्रशासनों को बधाई दी और उनके स्वास्थ्य मंत्रियों से इस टीके के बारे में सही सूचनाएं लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘ हमें पहले दिन उत्साहवर्धक और संतोषजनक फीडबैक मिला है। यह इस बात का संकेत है कि हम कोरोना वायरस के विरुद्ध लड़ाई में जीत की ओर बढ़ रहे हैं।’’
राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों ने हर्षवर्धन को टीकाकरण के पहले दिन हासिल किए गए लक्ष्य के बारे में बताया।


Download Android App
Download iOS App



