नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने लेबर वेलफेयर डिपार्टमेंट में कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर ‘लेबर वेलफेयर सुपरिटेंडेंट’ के कुल 9 पदों के लिए उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों पर आवेदन करने के लिए 12 अक्टूबर तक अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
एमसीडी की ओर से लेबर वेलफेयर सुपरिटेंडेंट पोस्ट के लिए जारी 9 रिक्तियों में जनरल के 6, ओबीसी के 2 और एससी के 1 पद शामिल हैं। इस पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री या उसके बराबर की योग्यता और सोशल वर्क, लेबर वेलफेयर, इंडस्ट्रियल रिलेशंस, पर्सनल मैनेजमेंट या किसी अन्य संबंधित विषय में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा या उसके बराबर की योग्यता होनी चाहिए। वहीं, कानून में डिग्री या इसके समकक्ष योग्यता, लेबर वेलफेयर/इंडस्ट्रियल रिलेशंस/पर्सनेल मैनेजमेंट और/या संबंधित क्षेत्रों में जिम्मेदारी वाले पद पर काम करने का अनुभव रखने वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, मेरिट सूची और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 44,900 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले दिल्ली नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित रिक्तियों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसके प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे ‘डाक लेबर वेलफेयर डिपार्टमेंट का सेक्शन, एमसीडी का सेक्शन, 21वीं मंजिल, डॉ. एसपीएस सिविक सेंटर, जे.एल. नेहरू मार्ग, नई दिल्ली – 110002’ पते पर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले डाक के माध्यम से पहुंचा दें।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एमसीडी की ओर से यह नियुक्ति शुरू में छह महीने के लिए होगी, जिसे जरूरत के हिसाब से छह-छह महीने के लिए आगे बढ़ाया जा सकता है। यह तब तक जारी रहेगा जब तक डीएसएसएसबी से रेगुलर आधार पर ‘लेबर वेलफेयर सुपरिटेंडेंट’ की भर्ती नहीं हो जाती, या जो भी पहले हो।
–आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



