संसद : लोकसभा में भाजपा के एक सदस्य ने शुक्रवार को मांग उठाई कि संविधान में जम्मू कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 और 35ए को समाप्त किया जाना चाहिए। शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए भाजपा के निशिकांत दुबे ने कहा कि संविधान में लिखा है कि अनुच्छेद 370 अस्थाई है। गृह मंत्री अमित शाह भी यह बात कह चुके हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर में अनुच्छेद 370 की आड़ में अनुच्छेद 35ए लागू किया गया और इसे भी खत्म किया जाना चाहिए तथा एक समान नागरिक व्यवस्था की जानी चाहिए।
शून्यकाल में ही कांग्रेस के गौरव गोगोई ने फेसबुक, वॉट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर विषयवस्तु के नियंत्रण के लिए तथा इस संबंध में ऑनलाइन मीडिया कंपनियों पर कार्रवाई के लिए कानून बनाने की मांग की। भाजपा के एसपी सिंह बघेल ने आगरा में यमुना नदी पर बैराज बनाने की मांग की ताकि ताज महल की सुरक्षा हो सके। भाजपा के सुशील कुमार सिंह, राजेंद्र अग्रवाल और कुछ अन्य सदस्यों ने भी अपने अपने क्षेत्रों के मुद्दे उठाए।


Download Android App
Download iOS App



