दिल्ली के आनंद विहार में महिला गिरफ्तार, घर से चोरी के 43 मोबाइल बरामद

Summary :

नई दिल्‍ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार थाने की पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने जेजे कैंप निवासी 27 वर्षीय महिला रेशमा को गिरफ्तार किया है। बरामद मोबाइल फोन में वे मोबाइल भी शामिल हैं, जिसकी चोरी के संबंध में 8 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन की चोरी की जांच के दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी…

नई दिल्‍ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार थाने की पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक मामले की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने जेजे कैंप निवासी 27 वर्षीय महिला रेशमा को गिरफ्तार किया है।

बरामद मोबाइल फोन में वे मोबाइल भी शामिल हैं, जिसकी चोरी के संबंध में 8 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत ई-एफआईआर दर्ज की गई थी।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन की चोरी की जांच के दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी हुआ मोबाइल रेशमा के पास है और उसके घर में चोरी के अन्य मोबाइल फोन भी छिपाए गए हैं। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने इंस्पेक्टर मनीष कुमार (एसएचओ, आनंद विहार) के नेतृत्व में जेजे कैंप स्थित रेशमा के घर पर छापा मारा।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान रेशमा ने मोबाइल फोन अपने पास होने से इनकार किया, लेकिन तलाशी लेने पर उसके घर से विभिन्न कंपनियों के 43 मोबाइल फोन बरामद हुए। महिला बरामद मोबाइल फोन की वैध खरीद या स्वामित्व से संबंधित कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सकी। इसके बाद पुलिस ने सभी मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने पति मोहम्मद तौफीक, भाई असलम और कुछ अन्य लोगों के साथ आनंद विहार बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की वारदातों में शामिल रही है। उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन बसों, ट्रेनों और अन्य माध्यमों से पश्चिम बंगाल भेजे जाते थे, जहां उन्हें बेचा जाता था।

पुलिस अब बरामद मोबाइल फोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण कर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान करने और अन्य चोरी के मामलों से उनके संभावित संबंधों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के नेटवर्क, सह-आरोपियों और चोरी के मोबाइल फोनों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

शाहदरा जिला पुलिस के अनुसार, त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों के चलते 43 मोबाइल फोन बरामद करने और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। मामले में आगे की जांच जारी है।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.