भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में पुलिस बल की संख्या में लगातार वृद्धि की जा रही है। इस वर्ष भी पुलिस बल में आठ हजार नये आरक्षक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में आज से शामिल हो रहे अधिकारी अपनी संपूर्ण क्षमता से कानून-व्यवस्था की स्थिति को और अधिक बेहतर बनायें। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी देश-भक्ति और जनसेवा का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब मिलकर मध्यप्रदेश को देश-दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनायेंगे। यह बात मुख्यमंत्री चौहान ने पुलिस प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया और सलामी भी ली।
मध्यप्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि पूरी प्रमाणिकता से जनता की सेवा कर जनता के मन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करें। सज्जनों के साथ फूल से ज्यादा कोमल और दुष्टों के साथ वज्र से ज्यादा कठोर व्यवहार करें। आप अपने प्रयासों से प्रदेश को शांति का टापू बनाये रखने में अहम भूमिका निभायें।
मुख्यमंत्री ने समारोह में प्रशिक्षण के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को पुरस्कृत किया और पुलिस हित मेन्यूअल-2017 का विमोचन किया। गौरतलब है कि अकादमी में 832 पुलिस अधिकारियों को एक वर्ष का गहन प्रशिक्षण दिया गया है। प्रदेश की पुलिस अकादमी का चयन राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद द्वारा क्षेत्रीय उत्कृष्टता केन्द्र के रूप में किया गया है। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



