मशहूर ज्योतिषाचार्य बेजन दारुवाला का 90 वर्ष की उम्र में निधन, कोरोना लक्षणों के बाद चल रहा था इलाज

Summary :

प्रख्यात भविष्यवक्ता बेजन दारूवाला का गुजरात के गांधीनगर स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार की शाम को निधन हो गया।

प्रख्यात भविष्यवक्ता बेजन दारूवाला का गुजरात के गांधीनगर स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार की शाम को निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। अखबारों में ज्योतिष के स्तंभ के लिए जाने जाने वाले दारूवाला नब्बे वर्ष के थे। 
अपोलो अस्पताल ने यहां इस बात की पुष्टि की है कि उपचार के दौरान दारूवाला का निधन हो गया। बता दें , कोरोना वायरस के प्राथमिक लक्षण के बाद उनका इलाज चल रहा था।  हालांकि, उनकी कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। 
सोशल मीडिया पर आई खबर का खंडन करते हुए उनके पुत्र नस्तूर दारूवाला ने मीडिया से कहा कि उनके पिता कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं थे। नस्तूर ने बताया कि उनके पिता सिर्फ निमोनिया से ग्रस्त थे। 
बेजन दारूवाला के निधन पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भी शोक व्यक्त किया है। विजय रूपाणी ने ट्वीट किया कि प्रसिद्ध ज्योतिषी बेजन दारुवाला के निधन से दुखी हूं। मैं दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करता हूं , उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना। 

बेजन दारूवाला को राजनीति से जुड़ी कई सटीक भविष्यवाणियों के लिए जाना जाता है।  संजय गांधी की मौत से लेकर करगिल युद्ध और गुजरात भूकंप जैसी कई भविष्यवाणियां उन्होंने ही की थी। 

Ujjwal Jain