आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक 33 वर्षीय युवक में COVID-19 की पुष्टि हुई है। प्राइवेट लैब और किंग जॉर्ज हॉस्पिटल (KGH) दोनों की जांच रिपोर्ट में वह COVID-19 पॉजिटिव पाया गया। विशाखापत्तनम में कोरोना का पहला मामला मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। फिलहाल मरीज को होम आइसोलेशन में रखा गया है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उसकी निगरानी कर रही है।
हैदराबाद से संक्रमित होकर आया था विशाखापत्तनम
अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक हाल ही में हैदराबाद से विशाखापत्तनम लौटा था। घर आने के कुछ दिन बाद ही उसे सर्दी, खांसी, बुखार और बदन दर्द जैसी शिकायतें होने लगी। जब युवक का बुखार ठीक नहीं हुआ, तो उसने प्राइवेट लैब और फिर अस्पताल में कोविड टेस्ट कराया, जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
युवक कलेक्टर कार्यालय के पास स्थित एक सरकारी कॉलोनी का निवासी है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को रोकने के लिए तुरंत मरीज को घर के अंदर ही रहने की सलाह दी है और उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है।
कडप्पा में दो मरीजों की मौत
इससे पहले आंध्र प्रदेश के कडप्पा और अन्नामय्या जिलों में कोरोना पॉजिटिव दो मरीजों की मौत की खबरें सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद से ही राज्य का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। अब विशाखापत्तनम में भी पहला केस मिलने के बाद स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है, इसके लिए निगरानी और जांच के दायरे बढ़ा दिए हैं।
‘नए मामले से घबराएं नहीं’- स्वास्थ्य अधिकारी
स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस नए मामले से घबराएं नहीं, बल्कि सतर्कता बरतें। विभाग द्वारा जारी गाइडलाइंस में कहा गया है कि अगर किसी भी व्यक्ति को बुखार, सूखी खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण महसूस होते हैं, तो वे तुरंत नजदीकी डॉक्टर के पास जाएं और अपना टेस्ट कराएं। इसके अलावा, संक्रमण से बचने के लिए नियमित रूप से हाथ धोएं, साफ-सफाई का ध्यान रखें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क जरूर पहनें।


Download Android App
Download iOS App




