मुम्बई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने रविवार को कहा कि पहले जब हमला होता था तब भारत को संयुक्त राष्ट्र में जाना पड़ता था लेकिन अब नरेंद्र मोदी के शासन में वह मुंहतोड़ जवाब देता है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की बाइक रैली को रवाना करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में पहुंचे लोगों के उत्साह से पता चलता है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद मोदी का प्रधानमंत्री के रूप में निर्वाचन पहले से तय है।
मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘पहले, हमला होने पर भारत को संयुक्त राष्ट्र में जाना पड़ता था लेकिन अब मोदी के नेतृत्व में देश ने हमलावरों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। सभी देश आतंक के खिलाफ इस लड़ाई में भारत का समर्थन कर रहे हैं।’’ उन्होंने एक अन्य कार्यक्रम में पालघर में 33 वें अटल मेगा स्वास्थ्य शिविर में कहा कि पहले भोजन, कपड़ा और मकान लोगों की जरूरतें थी लेकिन आज शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार भी समान रूप से महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र में करीब 90 फीसद लोग आयुष्मान भारत और महात्मा फुले जन आरोग्य योजना जैसी योजनाओं के चलते श्रेष्ठ स्वास्थ्य सुविधाएं लेते हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



