जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ में भारी बारिश के बाद फ्लैश फ्लड, मकान ढहने से 10 लोगों की मौत

Summary :

जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ में रातभर हुई भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचा दी है। इस आपदा में मकान ढहने और मलबे में दबने से 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लापता हैं।

Jammu Kashmir Flash Flood 2026 : जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में रविवार को आसमानी आफत ने भारी तबाही मचाई है। रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने कहर बरपा दिया, जिसमें अब तक कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है।

मलबे और तेज बहाव में कई लोगों के लापता होने की भी खबर है। पुंछ में एक मकान ढहने से एक ही परिवार के 9 लोगों की जान चली गई, जबकि राजौरी में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति मारा गया।

प्रशासन, स्थानीय पुलिस और राहत टीमें प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। कई जगहों पर अब भी लोग मलबे के नीचे फंसे हैं।

दर्जनों गाड़ियां बहीं

राजौरी शहर में हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। पहाड़ी इलाकों से आ रहे तेज पानी के कारण दर्हाली नदी का सुरक्षा तटबंध टूट गया। बांध टूटते ही बाढ़ का मटियाला पानी नए बस स्टैंड और रिहायशी कॉलोनियों में घुस गया। देखते ही देखते सड़कों पर खड़ी दर्जनों गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गईं और कई वाहन पूरी तरह डूब गए।

अब्दुल्ला ब्रिज के पास बनी बस्ती में पानी भरने से 50 से ज्यादा परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर शरण लेनी पड़ी है। पुलिस लाउडस्पीकर के जरिए नदी किनारे रहने वाले लोगों को तुरंत इलाका खाली करने की हिदायत दे रही है।

23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पहले ही 23 जुलाई तक पूरे जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर रखी थी। पिछले 24 घंटों के भीतर रियासी, उधमपुर, कटरा, राजौरी और पुंछ में 70 से 100 मिलीमीटर तक पानी बरस चुका है। लगातार जारी इस बारिश की वजह से पहाड़ी रास्तों पर लैंडस्लाइड का खतरा और बढ़ गया है, जिससे राहत काम में भी दिक्कतें आ रही हैं। जिला प्रशासन ने आपातकालीन मदद के लिए कंट्रोल रूम एक्टिव कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें – हनुमान गढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज मामले पर जितेंद्रानंद सरस्वती की प्रतिक्रिया, बोले- बृजभूषण सिंह को शर्म आनी चाहिए

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।