कोलकाता : कलकत्ता उच्च न्यायालय के गिरफ्तार पूर्व न्यायाधीश सीएस कर्णन को सरकारी एसएसकेएम अस्पताल से छुट्टी मिल गयी और उन्हें प्रेसीडेंसी जेल अस्पताल ले जाया गया है। ऐसा उनके स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद किया गया है।
22 जून को सीने में दर्द की शिकायत के बाद हुए थे भर्ती
एसएसकेएम अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और हमने उन्हें अस्पताल से छुट्टी देने का निर्णय लिया। हालांकि, उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखे जाने की जरूरत है।” कर्णन को कल रात एसएसकेएम अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। छाती में दर्द और बैचेनी की शिकायत के बाद उन्हें 22 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने कर्णन को सुनाई थी छह माह की सजा
सुधार गृह के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “वह इस समय प्रेसीडेंसी सुधार गृह (जेल) अस्पताल में हैं। डॉक्टर उन पर नजर रख रहे हैं।” उच्चतम न्यायालय ने नौ मई को कर्णन को न्यायालय की अवमानना के अपराध में छह महीने के जेल की सजा सुनायी थी। उनकी गिरफ्तारी तक उनका कोई अता पता नहीं था।
इसी महीने सेवानिवृत्त हुए थे कर्णन
उच्चतम न्यायालय की सात सदस्यीय पीठ ने कर्णन को भारत के प्रधान न्यायाधीश और उच्चतर न्यायपालिका के अन्य न्यायाधीशों के खिलाफ अपनी टिप्पणियों से अदालत की अवमानना करने का दोषी ठहराया था। कर्णन इस महीने की शुरूआत में सेवानिवृत्त हो गये थे।


Download Android App
Download iOS App



