भोपाल : कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने जून में मंदसौर गोलीकांड की बरसी के पहले प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार एक साल से न्याय के लिए भटक रहे पीड़तों को न्याय दिलाये। कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक श्री कमलनाथ ने आगामी 30 मई को मंदसौर जा रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस दौरे पर भी हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि किसानों की शहादत दिवस के पूर्व मंदसौर जाने वाले मुख्यमंत्री दोषियों को सत्रा देने की घोषणा करें, किसानों की मांगें मानें और इंसाफ़ को लेकर एक वर्ष से भटक रहे पीड़ितों को इंसाफ़ दिलाएं। पिछले साल छह जून को किसान आंदोलन के दौरान मंदसौर में आंदोलन के हिंसक होने के बाद पुलिस की गोलीबारी में छह किसानों की मौत हो गयी थी।
इस गोलीकांड की बरसी पर इस साल कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का मंदसौर दौरा संभावित है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आवाज को दबा नहीं सकती। पिछले दिनों कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बनाये गए श्री कमलनाथ प्रदेश के पार्टी कार्यालय के अलावा स्थानीय श्यामला हिल्स स्थित अपने निवास से चुनावी रणनीति को अंजाम दे रहे हैं।
वही कांग्रेस की समन्वय समिति के अध्यक्ष बनाये गए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी आगामी विधानसभा चुनाव के पहले अपने निवास से चुनावी अभियान में जुट गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी सरकार से स्वयं के लिए राजधानी भोपाल में एक शासकीय आवास आवंटित किये जाने की मांग की है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



