माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने आरबीआई से केंद्र को धन के हस्तांतरण पर निशाना साधते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि सरकार 2014 से रिजर्व बैंक का “99%” मुनाफा ले चुकी है। येचुरी ने ट्वीट किया, “2014 से मोदी सरकार ने अपने प्रचार अभियानों के लिए हर साल आरबीआई के मुनाफे का 99% हिस्सा लिया। इस बार तो उन्होंने एक झटके में 1.76 लाख करोड़ रुपए हड़प लिए, जिसका इस्तेमाल बैंकों में नई पूंजी डालने के लिए किया जाएगा जिन्हें मोदी के यार-दोस्त लूट चुके हैं।”

येचुरी ने कहा, “सार्वजनिक क्षेत्र में हमारे प्रमुख नवरत्न गिरती मांग और सरकार द्वारा उन पर डाले वित्तीय भार दोनों से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बड़ा मुनाफा हड़पना। किसानों, मजदूरों, एमएसएमई, युवक और महिला कर्मी सभी वर्ग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।”
माकपा नेता ने कहा, “अर्थव्यवस्था और लोगों की आजीविका पर कभी भी इतनी बेरहमी से हमला नहीं किया गया जितना कि इस सरकार के शासन में हुआ।”
गौरतलब है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने सोमवार को केंद्र सरकार को लाभांश और अधिशेष कोष के मद से 1.76 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित करने का निर्णय किया। रिजर्व बैंक के निदेशक मंडल ने बिमल जालान की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिशों को स्वीकार करने के बाद यह कदम उठाया है।


Download Android App
Download iOS App



