गुजरात 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी: 83.86 प्रतिशत छात्र पास, लड़कियों ने मारी बाजी

Summary :

गांधीनगर, 6 मई (आईएएनएस)। गुजरात माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) ने बुधवार को 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार कुल पास प्रतिशत 83.86 रहा, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 0.78 प्रतिशत अधिक है। रिजल्ट घोषित होने के बाद से पास हुए छात्रों और उनके परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इस बार भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.28 रहा, जिसे काफी अच्छा माना जा रहा है। जिलावार नतीजों की बात करें तो नर्मदा जिला सबसे आगे रहा, जहां 90.85…

गांधीनगर, 6 मई (आईएएनएस)। गुजरात माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) ने बुधवार को 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार कुल पास प्रतिशत 83.86 रहा, जो पिछले साल के मुकाबले करीब 0.78 प्रतिशत अधिक है। रिजल्ट घोषित होने के बाद से पास हुए छात्रों और उनके परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

इस बार भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.28 रहा, जिसे काफी अच्छा माना जा रहा है। जिलावार नतीजों की बात करें तो नर्मदा जिला सबसे आगे रहा, जहां 90.85 प्रतिशत छात्र पास हुए। वहीं, पंचमहल जिले का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा और यहां पास प्रतिशत 76.42 दर्ज किया गया।

कुछ परीक्षा केंद्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। गांधीनगर के आंजोल केंद्र ने 100 प्रतिशत रिजल्ट हासिल कर सभी को चौंका दिया। दूसरी ओर, दाहोद के मुनखोला केंद्र का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा, जहां केवल 33.74 प्रतिशत छात्र ही पास हो सके।

इसके अलावा पूरे राज्य में करीब 130 स्कूल ऐसे रहे, जहां 100 प्रतिशत रिजल्ट दर्ज किया गया, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। वहीं, 3 स्कूल ऐसे भी रहे, जहां एक भी छात्र पास नहीं हो सका, जो चिंता का विषय है।

राजकोट जिले ने भी इस बार अच्छा प्रदर्शन किया है। यहां 88.11 प्रतिशत छात्र पास हुए, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 87.19 प्रतिशत था।

छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना 7 अंकों का सीट नंबर दर्ज कर रिजल्ट देख सकते हैं। सीट नंबर दर्ज करते ही ऑनलाइन मार्कशीट स्क्रीन पर दिखाई दे जाती है। इसके अलावा, व्हाट्सएप के जरिए भी रिजल्ट देखने की सुविधा दी गई है। इसके लिए छात्रों को 6357300971 नंबर अपने मोबाइल में सेव करना होगा और फिर उसी नंबर पर अपना सीट नंबर भेजना होगा। कुछ ही सेकंड में रिजल्ट मैसेज के रूप में मिल जाएगा।

–आईएएनएस

पीआईएम/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.