नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन चुनाव प्रणाली में नेक्सस के खिलाफ है और सभी दलों को राहुल गांधी के आंदोलन में शामिल होना चाहिए।
दिल्ली में इंडिया ब्लॉक के सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आईएएनएस से कहा, “सीईसी को इस्तीफा देना चाहिए। ज्ञानेश कुमार ने उस भरोसे को तोड़ दिया है जो चुनाव आयोग ने देश में एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्था के रूप में कमाया था। जब हम ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हैं, तो भाजपा सवाल उठाने लगती है। ये जो नेक्सस बनकर देश में काम हो रहा है, इसके खिलाफ हैं।”
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा फॉर्म-6 में बदलाव को लेकर ज्ञानेश कुमार को नोटिस भेजे जाने पर भी टिप्पणी की और कहा कि यह मामला गंभीर है।
आम आदमी पार्टी, डीएमके और बीजद के इंडिया ब्लॉक के सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल न होने पर इमरान मसूद ने कहा, “जो राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं, वही इस लड़ाई में दिखेंगे। बाकी या तो तूफान में बह जाएंगे या दूसरी तरफ रहकर बह जाएंगे।”
‘आप’ के 10 अक्टूबर को प्रदर्शन के आह्वान पर उन्होंने कहा, “कोई बीच का रास्ता नहीं है। या तो हमारे साथ आओ या भाजपा के साथ जाओ।” इमरान मसूद ने कहा कि ‘आप’ के लिए कोई मिडिल पाथ नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि जो पार्टियां इस लड़ाई में राहुल गांधी के साथ नहीं हैं, वे दूसरी तरफ हैं।
उन्होंने सभी विपक्षी दलों से अपील की कि वे राहुल गांधी के आंदोलन में शामिल हों और चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों पर एकजुट होकर आवाज उठाएं।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



