नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। एसआईआर, ईवीएम और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं, जबकि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में विकास का काम हो रहा है, जिसे पूरी दुनिया देख रही है।
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और आंदोलन के लिए अलग-अलग मुद्दे तलाशने का आरोप लगाया। जनता विपक्ष के इस रवैये को समझती है और इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।
भाजपा सांसद ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ करते हुए कहा कि पूरी दुनिया को उन पर गर्व है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से लेकर इजराइल के लोग भी तारीफ कर रहे हैं। पायलट के इस शानदार काम की पूरी दुनिया सराहना कर रही है। देशभर में कई जगहों पर उनका स्वागत किया जा रहा है और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थनाएं की जा रही हैं। उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है।
यूसीसी का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि यह एक ऐसा कानून है जो हर नागरिक को समान अधिकार देता है। यूसीसी का संबंध सिर्फ हिंदुओं या मुसलमानों से नहीं है। सभी को समान अधिकार मिलने चाहिए। संपत्ति के अधिकारों समेत सभी मामलों में एक जैसे कानून सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए। यूसीसी सभी के अधिकारों, कल्याण और भलाई के लिए है और इसका हिंदू या मुस्लिम समुदाय से कोई लेना-देना नहीं है।
दूसरी ओर, विपक्ष की ओर से सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर भाजपा नेता किरीट सोमैया ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि स्वाभाविक है कि उन्हें यह एहसास होने लगा है कि 2029 में क्या हो सकता है। अब विपक्ष, चाहे वह राहुल गांधी की कांग्रेस हो या उद्धव ठाकरे की सेना, कभी सुप्रीम कोर्ट पर, कभी चुनाव आयोग पर, कभी राष्ट्रपति पर और कभी राज्यपाल पर हमला करते हैं। एसआईआर से वोटर लिस्ट का शुद्धीकरण हो रहा है।, लेकिन विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, सिर्फ एसआईआर पर बहाना बना रहे हैं। वे लोग लगातार इस्तीफे की मांग करके अपनी पार्टी के वजूद को जिंदा रखना चाहते हैं। राहुल गांधी हमेशा विपक्ष के नेता बने रहें, ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं।
इसी बीच, यूपी के लखनऊ में गांधी जयंती पर मंत्री ए.के. शर्मा और लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने स्वच्छता अभियान चलाया।
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती के साथ ही लाल बहादुर शास्त्री की भी जयंती है। मैं उन्हें नमन करता हूं और श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी। 2 अक्टूबर तक सेवा का संकल्प लेकर स्वच्छता पखवाड़ा चलाया गया है।
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि 2 अक्टूबर को ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि लखनऊ नगर निगम की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए और स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया।
–आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



