स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने मंगलवार को कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 1.66 करोड़ गरीब लोगों ने विभिन्न अस्पतालों में अपना इलाज कराया। हर्षवर्धन ने कहा कि बीमारियों की रोकथाम और लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए देश भर में डेढ़ लाख स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इनमें से 65,000 ऐसे केंद्र स्थापित हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 2019 में संसद के दोनों सदनों में राष्ट्रीय मेडिकल आयोग विधेयक पेश किया था जो हाल के वर्षों में मेडिकल शिक्षा में सबसे बड़ा सुधार है। उन्होंने कहा कि निजी मेडिकल कॉलेजों में छात्रों से ली जाने वाली फीस पर नजर रखने के लिए और उसे नियंत्रित करने के लिए नियमों में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं तथा ऐसे विभिन्न विषयों को राष्ट्रीय मेडिकल आयोग गंभीरता एवं गहराई से देखता है।
उन्होंने कहा कि इस के तहत देश भर में एमबीबीएस की 30 हजार से ज्यादा और पीजी की 24 हजार से ज्यादा सीटें बढ़ी हैं।हर्षवर्धन राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न पूरक सवालों के जवाब दे रहे थे। इस दौरान सदन में हंगामा हो रहा था और कांग्रेस नीत विपक्षी सदस्य पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में वृद्धि के मुद्दे पर सदन में तुरंत चर्चा की मांग कर रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



