हजारीबाग : शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया एक कैदी सुरक्षा में तैनात हवलदार की हत्या कर फरार हो गया। मारे गए हवलदार का नाम चोहन हेंब्रम है। वह गिरिडीह जिले के पीरटांड़ के रहने वाले थे। फरार हुए कैदी का नाम मो. शाहिद अंसारी है। वह हत्या के मामले में हजारीबाग स्थित जयप्रकाश नारायण सेंट्रल जेल में बंद था।
Highlight :
- मेडिकल कॉलेज में हवलदार की हत्या कर कैदी फरार
- हत्या के मामले में हजारीबाग स्थित सेंट्रल जेल में बंद था कैदी
- फरार कैदी की तलाश में छापेमारी की जा रही है
हवलदार की हत्या कर बंदी फरार
बता दें कि पांव में दर्द की शिकायत पर उसे 25 जुलाई को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया था। यहां के डॉक्टरों ने उसकी मेडिकल जांच के लिए उसे रिम्स, रांची भेजने की अनुशंसा की थी, लेकिन इसके पहले वह वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। शाहिद अंसारी धनबाद जिले के चासनाला का रहने वाला बताया जाता है। उसके खिलाफ हत्या के अलावा कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हवलदार को चकमा देकर भागा कैदी
बताया गया है कि उसने सोमवार की सुबह कैदी वार्ड में सुरक्षा में तैनात हवलदार को चकमा देकर हथकड़ी खोल ली और इसके बाद स्लाइन वाटर के पाइप से हवलदार का गला घोंटा और उनके सिर पर स्लाइन वाले रॉड से प्रहार किया। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने हथकड़ी से कैदी वार्ड का गेट बंद कर दिया और भाग निकला। बाद में वार्ड ब्वॉय मौके पर पहुंचा तो उसने हॉस्पिटल प्रबंधन को घटना की जानकारी दी।
फरार कैदी की तलाश में की जा रही छापेमारी
सोमवार सुबह इस वारदात की जानकारी मिलने पर हजारीबाग की डीसी नैंसी सहाय, एसपी अरविंद कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ कुमार शिवाशीष सहित पुलिस के वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि मामले की तहकीकात की जा रही है। फरार कैदी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



