मुंबई में भारी बारिश ने शहर में कहर बरपाया, जिससे 79 घटनाएं दर्ज की गई हैं। बीएमसी ने बताया कि पेड़ गिरने, शॉर्ट सर्किट और दीवार गिरने की घटनाओं ने यातायात जाम कर दिया और जलमग्न सड़कों पर यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने प्रभावित जिलों में राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए।
मुंबई में मॉनसून के दस्तक देने से पहले ही भारी बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। मुंबई में मूसलाधार बारिश के साथ ही शहर में पेड़ गिरने, शॉर्ट सर्किट और घर की दीवार गिरने की कई घटनाएं सामने आई हैं। बीएमसी के मुताबिक मुंबई में बारिश से हुए नुकसान को लेकर 79 मामले दर्ज किए गए हैं। बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन (बीएमसी) ने एक बयान में बताया कि शहर भर में 79 मामले सामने आए हैं, जिससे यातायात जाम हो गया और दिन भर जलमग्न सड़कों पर चलने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। मुंबई में 25 जगह शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने के मामले सामने आए थे। वहीं, मुंबई में 45 अलग-अलग जगह पेड़ गिरने के मामले दर्ज किए गए हैं। बीएमसी ने बताया कि 9 जगहों पर भारी बारिश के कारण घर का हिस्सा गिर गया। इसके अलावा, 3 लोगों के घायल होने की सूचना भी मिली है। साथ ही, मुंबई के फोर्ट इलाके में सेंट जेवियर्स कॉलेज के पास पेड़ गिरने से 24 वर्षीय एक युवक घायल हो गया। पीड़ित की पहचान साईराज पवार के रूप में हुई है, जिसे सेंट जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत अब स्थिर है।
27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी, यूपी में नौतपा का दूसरा दिन शुरू
बीएमसी के मुताबिक, माहिम पश्चिम में एक दो मंजिला घर की दीवार गिरने की घटना सामने आई। मलबे में दो स्थानीय लोग फंस गए, लेकिन उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। मुंबई, कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र में भारी बारिश के भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शहरी विकास एवं आवास मंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को प्रशासन को सतर्क रहने और राहत कार्य चलाने का निर्देश दिया है।
उन्होंने प्रशासन को विशेष रूप से पिछले दो दिनों से भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित पुणे, सतारा, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, ठाणे, पालघर जैसे जिलों में राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री शिंदे के कार्यालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि उन्होंने ठाणे और भारी बारिश वाले अन्य जिलों में स्थिति की समीक्षा की और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ चर्चा भी की।


Download Android App
Download iOS App



