पश्चिम एशिया में हमलों और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर चुप्पी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र पर साधा निशाना

Summary :

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को पश्चिम एशिया में लोगों के मारे जाने, पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार की कथित चुप्पी को लेकर तीखा हमला बोला। वहीं, फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर दावा किया कि यह फिल्म राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई थी। पवन खेड़ा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत और इजरायली हमलों में स्कूली लड़‌कियों की मौत पर केंद्र सरकार की चुप्पी की आलोचना की। उन्होंने कहा, “जब किसी राष्ट्राध्यक्ष की हत्या…

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को पश्चिम एशिया में लोगों के मारे जाने, पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार की कथित चुप्पी को लेकर तीखा हमला बोला। वहीं, फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर दावा किया कि यह फिल्म राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई थी।

पवन खेड़ा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत और इजरायली हमलों में स्कूली लड़‌कियों की मौत पर केंद्र सरकार की चुप्पी की आलोचना की।

उन्होंने कहा, “जब किसी राष्ट्राध्यक्ष की हत्या इजरायल और अमेरिका द्वारा की जाती है, तो कोई चुप नहीं रह सकता है। इस मामले में कांग्रेस ने चुप्पी नहीं साधी। भारतीयों ने चुप्पी नहीं साधी।”

खेड़ा ने कहा, “जब इजरायल और अमेरिका द्वारा 168 स्कूली छात्राओं की हत्या कर दी जाती है, तो कौन चुप रह सकता है? कोई भी देश, कोई भी समाज, कोई भी व्यक्ति जिसमें जरा सा भी सिद्धांत बचा हो, ऐसी क्रूर और निर्मम घटना होने पर चुप नहीं रह सकता।”

कांग्रेस नेता ने पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने विधानसभा चुनाव समाप्त होने तक जानबूझकर ईंधन की कीमतें कम रखीं।

खेड़़ा ने दावा किया, “हम (कांग्रेस) केंद्र सरकार को चेतावनी देते रहे हैं और विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद ईंधन की कीमतें आसमान छू जाएंगी।”

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले एक दशक में पेट्रोल और डीजल पर टैक्‍स के माध्यम से भारी राजस्व एकत्र किया है और उसे इसका लाभ उपभोक्ताओं को देना चाहिए।

खेड़ा ने कहा, “आपने (केंद्र सरकार ) पिछले 12 वर्षों में पेट्रोल और डीजल पर टैक्‍स के माध्यम से 26-27 लाख करोड़ रुपए एकत्र किए हैं। अब समय आ गया है कि इन लाभों को उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की कीमत उपभोक्ताओं को नहीं चुकानी चाहिए।

फिल्म ‘धुरंधर 2’ पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है और न ही देखने का उनका इरादा है, लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि यह मूल रूप से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई एक जीवनी फिल्म है।

उन्होंने विदेशी नागरिकों से जुड़ी कथित घटनाओं और अतीत में हुए आतंकी हमलों का हवाला देते हुए केंद्र सरकार की सुरक्षा तैयारियों पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया, “जब अजीत डोभाल पॉपकॉर्न खाते हुए यह फिल्म देखने में व्यस्त थे, तभी रूस ने आकर हमें यूक्रेन के छह लोगों के बारे में सूचित किया जो भारत में दाखिल हुए थे। वे भारत से मिजोरम सीमा पार करके म्यांमार गए, वहां विद्रोहियों को प्रशिक्षित किया और वापस भारत आ गए और हमें इसकी जानकारी भी नहीं थी।”

खेड़ा ने आगे कहा कि इस तरह की घटनाओं से देश के सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठते हैं, उन्होंने पहलगाम, पुलवामा और जामा मस्जिद में हुए हमलों सहित अतीत के हमलों को याद दिलाया।

–आईएएनएस

एएसएच/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.