जयपुर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। चक्रवात ‘अर्नब’ का असर राजस्थान में लगातार देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 28 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जयपुर में गुरुवार दोपहर से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। ठंडी हवाओं के साथ ठंड भी बढ़ गई है। शहर के कई इलाकों में ओले भी गिरे हैं। पिछले 24 घंटों में करौली, भरतपुर, धौलपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, नागौर और टोंक समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।
मौसम बदलने से तापमान में बड़ी गिरावट आई है। करीब 20 जिलों में अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक नीचे आ गया है, जबकि कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान में 10 डिग्री तक की कमी आई है।
अलवर जिले की थानागाजी पंचायत समिति के प्रतापगढ़ गांव में गुरुवार देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है।
बारिश से मतदान केंद्रों पर वोट डालने आए मतदाताओं को परेशानी हुई। कई लोग छाता लेकर वोट डालने पहुंचे।
पश्चिमी राजस्थान में अभी भी अपेक्षाकृत गर्मी बनी हुई है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा, लेकिन कुछ पश्चिमी जिलों को छोड़कर। बाड़मेर में प्रदेश का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री दर्ज किया गया।
जयपुर में गुरुवार दोपहर शुरू हुई बारिश रात और शुक्रवार सुबह तक जारी रही। टोंक रोड, गोपालपुरा, मालवीय नगर, जगतपुरा, अजमेरी गेट और कलेक्ट्रेट समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शहर का अधिकतम तापमान 4 डिग्री गिरकर 27.4 डिग्री सेल्सियस हो गया।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी जयपुर में बारिश की संभावना जताई है।
अलवर में गुरुवार सुबह से रुक-रुककर हल्की बारिश हुई, जिससे ठंडक बढ़ गई। अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहा। उदयपुर में गुरुवार सुबह से बादल छाए रहे, बीच-बीच में धूप भी निकली और हल्की ठंड महसूस की गई, अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा।
कोटा में गुरुवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि बारिश नहीं हुई, दोपहर में धूप निकली। अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री रहा।
जोधपुर में मौसम में उतार-चढ़ाव रहा। गुरुवार को बारिश का अनुमान था, लेकिन बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम 20.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
–आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



