अमरावती, 6 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखा। इसमें उन्होंने चक्रवात ‘मुरासु’ से प्रभावित जिलों में राहत पहुंचाने और पुनर्निर्माण कार्यों में मदद के लिए तत्काल अंतरिम वित्तीय सहायता की मांग की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश एक हफ्ते के भीतर लगातार आए दो चक्रवातों से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण बिजली नेटवर्क और सड़कों समेत बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि राज्य अभी 27 अक्टूबर को आए चक्रवात ‘अरनाब’ से हुए नुकसान से उबर ही रहा था कि तभी चक्रवात ‘मुरुसु’ आ गया, जिससे किसानों और मछुआरों को एक ही सीजन में दो बार नुकसान झेलना पड़ा।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को बताया कि लगातार आए चक्रवातों की वजह से राज्य को भारी नुकसान हुआ है। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, चक्रवात ‘मुरुसु’ से 1,919.59 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
उन्होंने राहत पहुंचाने और नुकसान की भरपाई के प्रयासों में मदद के लिए तत्काल अंतरिम वित्तीय सहायता की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद नुकसान का व्यापक आकलन किया जाएगा और अगले 15 दिनों के भीतर केंद्र को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
अपने पत्र में, मुख्यमंत्री नायडू ने बताया कि चक्रवात ‘मुरासु’ के कारण 1,43,122 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे 1,86,063 किसान प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में शुरुआती नुकसान का अनुमान 874.96 करोड़ रुपए लगाया गया है। बागवानी फसलों को 6,504.38 हेक्टेयर क्षेत्र में नुकसान पहुंचा है, जिससे 12,178 किसान प्रभावित हुए हैं और इसमें 337.10 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को यह भी बताया कि पशुपालन, मत्स्य पालन, आवास, सिंचाई, बिजली, पंचायती राज, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से आग्रह किया कि वह किसानों, मछुआरों, उन परिवारों जिनके घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, और अन्य प्रभावित वर्गों की मदद के लिए तुरंत अंतरिम वित्तीय सहायता मंजूर करे। साथ ही, राज्य भर में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे और सेवाओं को बहाल करने के लिए भी सहायता दी जाए।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केंद्र से मिलने वाली तत्काल सहायता से प्रभावित लोगों को राहत मिलेगी और राज्य को स्थिति सामान्य करने के लिए जरूरी कदम उठाने में मदद मिलेगी।
–आईएएनएस
पीएसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



