दिल्ली में 5 महीने में 19,900 से अधिक सूक्ष्म उद्यमियों को प्रशिक्षण, 600 कारोबार ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़े

Summary :

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के नेतृत्व में दिल्ली के छोटे व्यवसायों के लिए चलाए गए एक ट्रेनिंग अभियान के तहत पांच महीने से भी कम समय में 19,900 से अधिक लोगों के लिए 450 वर्कशॉप आयोजित की गईं। इसके जरिए 600 उद्यमों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। इस संबंध में एक अधिकारी ने शनिवार को जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि 25 जून से 13 नवंबर के बीच 28 जगहों पर आयोजित इन वर्कशॉप में कुल 19,931 लोगों ने हिस्सा लिया, जो सभी सूक्ष्म उद्यमों से जुड़े थे। इन जगहों में बवाना,…

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के नेतृत्व में दिल्ली के छोटे व्यवसायों के लिए चलाए गए एक ट्रेनिंग अभियान के तहत पांच महीने से भी कम समय में 19,900 से अधिक लोगों के लिए 450 वर्कशॉप आयोजित की गईं। इसके जरिए 600 उद्यमों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। इस संबंध में एक अधिकारी ने शनिवार को जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि 25 जून से 13 नवंबर के बीच 28 जगहों पर आयोजित इन वर्कशॉप में कुल 19,931 लोगों ने हिस्सा लिया, जो सभी सूक्ष्म उद्यमों से जुड़े थे। इन जगहों में बवाना, नरेला, ओखला, मुंडका, नांगलोई, जहांगीरपुरी और संगम विहार शामिल हैं।

मनजिंदर सिरसा ने कहा, “हमारा उद्देश्य दिल्ली में ऐसा कारोबारी माहौल बनाना है, जहां घर से चलने वाले उद्यम भी पूरे देश के बाजारों तक पहुंच सकें। साथ ही, दिल्ली निवेश और औद्योगिक विकास के लिए एक पसंदीदा जगह बन सके। इस विजन में छोटे उद्यम हमारी मुख्य प्राथमिकता हैं।”

उन्होंने अपने विभाग के अंतर्गत काम करने वाली ‘दिल्ली राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम’ के प्रमुख कार्यों की समीक्षा के बाद यह बात कही।

इस पूरे कार्यक्रम के तहत कुल 824 वर्कशॉप आयोजित की जानी हैं और मंत्री ने जनवरी 2027 तक इस ट्रेनिंग को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। दिल्ली में ‘उद्यम पोर्टल’ पर 12.64 लाख उद्यम रजिस्टर्ड हैं।

मनजिंदर सिरसा ने कहा, “बवाना या संगम विहार में एक कमरे से अपना कारोबार चलाने वाले व्यक्ति को भी बाजारों, क्रेडिट (लोन) और मार्गदर्शन तक उतनी ही पहुंच मिलनी चाहिए, जितनी किसी बड़ी कंपनी को मिलती है। हम यह मदद उनके दरवाजे तक पहुंचा रहे हैं और हम सिर्फ ट्रेनिंग देकर ही नहीं रुकेंगे।”

ये वर्कशॉप केंद्र सरकार के ‘रेजिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉरमेंस’ (आरएएमपी) कार्यक्रम के तहत चलाई जा रही हैं। इसमें हिस्सा लेने वालों में से 3,906 उद्यम महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे थे। इसके अलावा 2,191 उद्यम अनुसूचित जाति, 273 उद्यम अनुसूचित जनजाति और 334 उद्यम दिव्यांग व्यक्तियों के हैं।

इन सत्रों में वित्तीय अनुशासन, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, साइबर सुरक्षा, ईएसजी जागरूकता, महिला उद्यमिता और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बिक्री जैसे विषय शामिल हैं।

अब तक जोड़े गए 600 उद्यमों में से 244 उद्यम सरकार समर्थित ‘ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स’ (ओएनडीसी) पर हैं और 17 उद्यम ‘गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस’ (जेम) पर हैं और बाकी उद्यम निजी प्लेटफॉर्म पर हैं। इनमें से 44 फ्लिपकार्ट पर, 10 अमेजन पर और 285 मीशो, जियोमार्ट, इंस्टामार्ट और ब्लिंकइट पर हैं।

–आईएएनएस

एएसएच/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.